उन्नाव। जिले के एक विद्युतविहीन प्राथमिक विद्यालय में नेडा की ओर से एक किलोवाट का सौर ऊर्जा पैनल लगवाया जाएगा। शुद्ध पानी के लिए आरओ के माध्यम से बच्चों के साथ ग्रामीणों को भी शुद्ध पानी मिलेगा। नेडा के परियोजना अधिकारी ने डीएम व बीएसए को पत्र भेजकर एक विद्यालय का चयन करने को कहा है।
नेडा के परियोजना अधिकारी एसडी दुबे ने बताया कि जनपद के एक पिछड़े व विद्युत विहीन विद्यालय में एक किलोवाट का सौर ऊर्जा पैनल स्थापित करना है। इस पैनल की लागत 2 लाख 67 लाख 674 रुपये है। एक किलोवाट सौर ऊर्जा पैनल से एक सबमर्सिबल, एक टंकी, केंट कंपनी का आरओ लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त उस विद्यालय में तीन पंखे और पर्याप्त मात्रा में बल्ब जल सकते हैं।
इस आरओ से विद्यालय के छात्रों के अतिरिक्त ग्रामीण भी शुद्ध पानी पी सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है और जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को पत्र भेजकर योजना के अंतर्गत पात्र विद्यालय का चयन कर जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है।
नेडा के परियोजना अधिकारी एसडी दुबे ने बताया कि विद्यालय में सौर ऊर्जा के लिए धनराशि जिलाधिकारी और बीएसए द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त सांसद व विधायक निधि से भी ली जा सकती है।