चकलवंशी। उन्नाव-संडीला मार्ग पर जोधाखेड़ा गांव के पास मंगलवार की शाम चार बजे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के लिए चालक ने बस तेजी से मोड़ दी। काफी दूर तक लहराई बस को चालक ने किसी तरह पलटने से बचाया। हालांकि एक-दूसरे पर गिरने से छह यात्रियों को चोटें आईं। पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। युवती की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल भेजा गया।
उन्नाव से हरदोई के संडीला जा रही प्राईवेट मिनी बस, जोधाखेड़ा गांव के पास अचानक सामने आए ट्रक से बचने की कोशिश में स्टीयरिंग घुमा दी। इससे बस, सड़क पर करीब 50 मीटर तक लहराने के बाद चालक ने किसी तरह संभाल लिया। घटना के समय बस में 30 यात्री थे।
अंदर एक-दूसरे पर गिरने से आसीवन थाना के बनौनी गांव निवासी सीतू (28) पुत्री रामबिलास यादव, हैदराबाद के रामलखन (55), सूरज (30), सरजूदेई (60), मियागंज के मेराज और सलमा को चोटें आईं। चालक ने सभी का पास के ही निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। सीतू को ज्यादा चोट होने से जिला अस्पताल भेजा गया।