बांगरमऊ (उन्नाव)। बयान के बाद न्यायालय से वन स्टॉप सेंटर जा रही किशोरी की रास्ते में हालत बिगड़ गई। साथ रही सास और महिला सिपाही जिला अस्पताल लाई, वहां से कानपुर हैलट रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। कानपुर में हुए पोस्टमार्टम में जहर की आशंका पर विसरा सुरक्षित किया गया है। मृतका के पिता ने पति, सास और ससुर पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी सवर्ण वर्ग की 16 वर्षीय किशोरी पांच दिसंबर 2024 को कस्बा टोला निवासी अनूप राठौर के साथ चली गई थी। 10 दिन तलाश के बाद न मिलने पर किशोरी के पिता ने 15 दिसंबर को अनूप के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने युवक पर पहले भी बेटी को ले जाने का आरोप लगाया था। रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी पर आरोपी ने किशोरी के आधार कार्ड के आधार पर बालिग होने और आर्य समाज मंदिर में शादी करने का प्रमाणपत्र लगाते हुए उच्च न्यायालय की शरण ली। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी, तभी 23 फरवरी को न्यायालय ने गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए आधार कार्ड से उम्र को देखते हुए किशोरी के 164 के बयान कराने के आदेश दिए।
इस दौरान युवक और किशोरी लुधियाना में रहे। न्यायालय से गिरफ्तारी पर रोक होने से 28 फरवरी को युवक, किशोरी को लेकर अपने घर आया। किशोरी अपनी सास रामप्यारी के साथ उसी दिन कोतवाली पहुंची और बयान कराने का प्रार्थनापत्र दिया। वहीं, पिता की ओर से दी गई हाईस्कूल की मार्कशीट में लिखी जन्मतिथि के आधार पर उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। मार्कशीट पुलिस तक पहुंचने से किशोरी परेशान हो गई।
एक मार्च को महिला सिपाही, युवक की मां के साथ उन्हीं के कार से न्यायालय पहुंची, जहां मजिस्ट्रेट ने मार्कशीट के आधार पर किशोर न्यायपीठ से अनुमति लेकर मेडिकल कराने का आदेश दिया। शाम हो जाने से पुलिस को अगले दिन दो मार्च को मेडिकल कराना था, इसलिए किशोरी को वन स्टॉप सेंटर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लाया गया, जहां से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दो मार्च की देर रात मौत हो गई।
सीओ अरविंद कुमार चौरसिया ने बताया कि सीडब्ल्यूसी से आदेश पर किशोरी को वन स्टॉफ सेंटर ले जाने के दौरान किशोरी ने पेट में दर्द होने की बात कही थी। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल से कानपुर हैलट भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतका के पिता की तहरीर पर पति अनूप, सास रामप्यारी और ससुर छत्रपाल पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि कानपुर में पोस्टमार्टम हुआ है। विसरा सुरक्षित किया गया है। तहरीर के आधार पर तीनों रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक की मां को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
आर्यसमाज मंदिर में 10 जनवरी को रचाई थी शादी
आधार कार्ड में बालिग होने से किशोरी और अनूप ने 10 जनवरी को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी, इसका भी प्रमाणपत्र पुलिस को दिखाया था। शादी के साथ कोर्ट से स्टे मिलने से परिवार का भी डर खत्म हो गया था, लेकिन मार्कशीट में उम्र कम मिलने पर के बाद अगर किशोरी का मेडिकल होता तो उसकी उम्र की हकीकत सामने आ जाती। इसी डर से यह कदम उठाने या फिर साथ रही सास के जहर देने की आशंका पर पुलिस जांच कर रही है।