सोनिक। हाईवे पर कार की टक्कर से साइकिल सवार श्रमिक की मौत और साथी के घायल होने की घटना में पुलिस ने सपा नेता को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। घटना स्थल के पास ही मिली नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस उस तक पहुंची। वहीं, घायल श्रमिक ने गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को बयान दिया है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा भी लगाई है।
दही थानाक्षेत्र के इब्राहिमबाग निवासी फैक्टरी श्रमिक राजेंद्र (53) साथी कमलेश (56) के साथ 15 मई की रात काम करके घर जा रहा था। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर टीकरगढ़ी मोड के पास कार की टक्कर से दोनों घायल हो गए थे। बाद में जिला अस्पताल में राजेंद्र की मौत हो गई थी। पुलिस को घटनास्थल पर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर की प्लेट मिली थी।
जांच में यह कार पीतांबर नगर मोहल्ला निवासी सपा नेता राजेश यादव उर्फ साधू यादव की होने की पुष्टि हुई। मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने वाहन नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना की जांच कर रहे औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी इंचार्ज अरविंद सिंह ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई गई है। राजेश यादव को जेल भेजा गया है।