आसीवन थानाक्षेत्र के गांव रहीमाबाद निवासी युवक का शव पीखी-बारीथाना मार्ग पर खंती में पड़ा मिला। युवक मंगलवार शाम को गांव के ही दो साथियों के साथ निकला था। परिजनों की खोजबीन में युवक का शव खंती में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता ने दोनों साथियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
आसीवन थानाक्षेत्र के अंतर्गत रहीमाबाद निवासी पंकज (23) पुत्र प्रकाशचंद्र मंगलवार को गांव के ही राजकमल पुत्र डल्ला व रामबहादुर पुत्र राजाराम के साथ बाइक से पीखी सफीपुर आया था। तीनों शाम चार बजे घर से निकले थे। रात लगभग नौ बजे राजकमल व रामबहादुर बाइक लेकर घर पहुंच गए। पंकज घर नहीं पहुंचा। इस पर पंकज की मां रानी ने इनसे बेटे के बारे में जानकारी ली। यह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
शक होने पर परिजनों ने रात में ही पंकज की तलाश शुरू की। इन्हें पीखी गांव के सामने खंती में पंकज का शव मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर सफीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के शरीर में छह गंभीर चोटें मिली हैं। मृतक के पिता प्रकाशचंद्र ने बेटे के दोनों साथियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी भावनाथ चौधरी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं आरोपी राजकमल ने बताया कि मंगलवार शाम को हम लोग साथ में शराब पीने गए थे। पंकज हम दोनों लोगों को गांव में छोड़कर अकेला चला गया था। मौत कैसे हुई, पता नहीं।