उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता को जलाकर मारने की घटना में आरोपी प्रधान के पति के पक्ष से उसकी बेटी ने खुद की जान का खतरा बताया है। उसका आरोप है कि गुरुवार को पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में एक युवती के इशारे पर उसके साथ मौजूद 3-4 लोगों ने उसकी मोबाइल से फोटो खींची। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शुक्रवार को एसपी को शिकायती पत्र दिया है।
5 दिसंबर को आग से जलने के बाद दुष्कर्म पीड़िता ने अपने बयान में गांव के प्रधान के पति हरिशंकर त्रिवेदी उसके पुत्र शुभम व गांव के शिवम समेत पांच लोगों पर जलाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गुरुवार को सभी आरोपियों को पेशी पर फास्ट-ट्रैक कोर्ट लाया गया था। प्रधान के पति हरिशंकर त्रिवेदी के पक्ष से उसकी बेटी भी कोर्ट पहुंची थी। बेटी का आरोप कि कोर्ट परिसर में एक युवती 3-4 अन्य लोगों के साथ पहले से मौजूद थी। उसे देखते ही युवती ने साथ मौजूद लोगों को उसकी ओर इशारा किया। इशारा पाते ही एक ने मोबाइल निकालकर उसकी कई फोटो खींची।
पीड़िता ने बताया कि विरोध दर्ज कराने के लिए जब तक वह आगे बढ़ती युवती अपने साथियों के साथ कोर्ट से निकल गई। युवती ने परिजनाें को घटना की जानकारी दी। शुक्रवार युवती परिजनों के साथ एसपी विक्रांतवीर से मिलने पहुंची। उसने शिकायती पत्र के माध्यम से आपबीती बता कार्रवाई के साथ ही सुरक्षा की मांग की। एसपी विक्रांतवीर ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।