सिविल लाइन स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में अभिलेख तैयारी करती कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्याल?
- फोटो : UNNAO
‘अनामिका’ की तलाश में ‘बा’ स्कूलों में तैनात शिक्षिकाओं और स्टाफ के अभिलेखों की चल रही जांच के अंतिम दिन चार ब्लॉकों के कस्तूरबा में तैनात वार्डन, पार्ट व फुल टाइम शिक्षिकाएं सहित 51 कर्मियों के अभिलेखों को जमा कराया गया।
कासगंज जिले में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में तैनात शिक्षिका का एक साथ कई स्कूलों में नौकरी करने के मामले का भंडाफोड़ होने के बाद मंगलवार को जिले के सभी 13 कस्तूरबा स्कूलों में तैनात स्टाफ की जांच शुरू हुई है।
सिविल लाइन स्थित प्राथमिक स्कूल में चल रही जांच के तीसरे दिन गुरुवार को सिकंदरपुर सरोसी, सफीपुर, फतेहपुर चौरासी और गंजमुरादाबाद ब्लॉक के कस्तूरबा स्कूलों में तैनात वार्डन, लेखाकार, संविदा शिक्षकों के अभिलेखों की जांच की गई। कुल 51 कर्मचारी पहुंचे। सभी ने अपने शैक्षिक, प्रशिक्षण व निवास सहित अन्य प्रमाणपत्र दिखाए। जाति व निवास प्रमाणपत्रों में कुछ त्रुटियां मिलीं हैं।
बीएसए प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि सभी कर्मचारियों के मूल अभिलेखों को जमा करा लिया गया है। अब नियुक्ति के समय विभाग में जमा किए गए अभिलेखों से मिलान कराया जाएगा। कमी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। अभिलेखों को मिलान का काम सोमवार से शुरू कराया जाएगा।