उन्नाव। लखनऊ में स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आने के बाद उन्नाव में भी इसके फैलने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलें उन्हें तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया जाए। जिला अस्पताल में चार बेड का संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष बनाकर रैपिड रिस्पांस टीम भी गठित कर दी गई है।
इसके अलावा जनपद के सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को भी सुअरों को बाड़े में बंद करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
अक्तूबर से लेकर मार्च तक समय स्वाइन इंफ्लूएंजा टाइप-ए वायरस के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है। बीते माह लखनऊ में दो रोगियों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए थे। जिसके बाद पड़ोसी जनपद उन्नाव में स्वास्थ्य विभाग में अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिला चिकित्सालय में चार बेड का संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष बनाकर यहां चिकित्सक और नर्सों की तैनाती कर दी गई है।
इसके अलावा इस बीमारी से बचाव के लिए दवाओं को भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध करा दिया गया है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों से कहा गया है कि स्वाइन फ्लू के संदिग्ध लक्षण वाले रोगियों की सूचना पहले कंट्रोल रूम नंबर 0515-2840512 पर दें व रोगी को तुरंत जिला अस्पताल रेफर करें। इसके अलावा इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति स्वाइन फ्लू के संदिग्ध लक्षण मिलने पर सूचना दे सकता है।
संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे चिकित्सकों को तैनात रहने के लिए कहा गया है। रैपिड रिस्पांस टीम कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचना पर काम करेगी। डा. एके त्रिपाठी को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।
उन्नाव, शुक्लागंज और बांगरमऊ नगर पालिका के साथ ही जनपद की सभी नगर पंचायतों को आदेश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में सूअरों पर लगाम लगाएं। इसके अलावा जिला अस्पताल में भी घूमने वाले सूअरों को हटवाने के लिए उन्नाव नगर पालिका ईओ से कहा गया है।