हिलौली। छात्रा को कार में अगवा कर छेड़छाड़ करने व इसी कार की चपेट में आकर वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने लीपापोती शुरू कर दी है। पुलिस ने कार चालक व उसके दोस्त के खिलाफ एक्सीडेंट की धारा में रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन छात्रा का वीडियो वायरल होने के बाद भी तहरीर न मिलने की बात कह पल्ला झाड़ लिया है। चर्चा है कि पुलिस हादसे के बाद छात्रा के घर भी गई थी। छात्रा के पिता ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही है।
शनिवार को मौरावां के पिंजरा गांव निवासी वृद्ध सुंदर को कार ने रौंद दिया था। कार में बैठी अनुसूचित जाति की नाबालिग छात्रा का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में नाबालिग छात्रा
पूरी तरह दहशत में दिख रही है। उसके अनुसार शनिवार को वह स्कूल जाने के लिए साइकिल से निकली थी। अकोहरी में एक मौरंग गिट्टी की दुकान पर साइकिल खड़ी कर कुछ दूर पैदल चली। इसके बाद बेहोश हो गई। एक्सीडेंट वाली जगह पर ही उसे होश आया।
वहीं छात्रा का एक फोटो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। जिसमें वह खून से लथपथ कार चालक के दोस्त निजामुद्दीन के साथ खड़ी दिख रही है। यह फोटो शनिवार हुई घटना के बाद की बताई जा रही है। हादसा होने के बाद छात्रा ने होमगार्ड व स्थानीय लोगों को बताया था कि कार सवार लोगों ने उसे जबरन बैठा लिया था और नशीला पदार्थ सुंघाकर छेड़छाड़ शुरू कर दी थी।
इसी दौरान पिंजरा गांव निवासी वृद्ध सुंदर की कार की चपेट में आकर मौत हो गई थी। सीओ पंकज सिंह ने बताया कि मृतक सुंदर की पत्नी की तहरीर पर कार चालक मुदस्सिर हुसैन व उसके दोस्त निजामुद्दीन के खिलाफ एक्सीडेंट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अन्य बिंदुओं पर जांच चल रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सैकड़ों ग्रामीणों को कार में दिखी थी छात्रा
शनिवार को कार की चपेट में आकर वृद्ध की मौत के बाद मौके पर इकट्ठा सैकड़ों ग्रामीणों ने कार में छात्रा व दो युवकों के होने की बात कही थी। चालक को उन्होंने पकड़ लिया था, जबकि दूसरा युवक छात्रा का हाथ पकड़कर भाग निकला था। ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के बाद भी पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।