गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के ओवरब्रिज के नीचे कानपुर-बालामऊ रेलवे ट्रैक पार छात्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इस दौरान करीब आधा घंटे तक पैसेंजर ट्रेन खड़ी रही। पुलिस को बाइक घटनास्थल से करीब 70 मीटर दूर हरदोई-उन्नाव मार्ग पर खड़ी मिली।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव भिखारीपुररुल्ल निवासी संदीप कुमार (18) इंटरमीडिएट का छात्र था। पिता भीखालाल ने बताया कि संदीप शुक्रवार को ननिहाल अटवा बैक बाइक से खाद लेने गया था। दिन भर वह खाद न मिलने पर भटकता रहा। बाद में परेशान होकर घर लौटने की बात कही थी। शाम करीब 4:30 बजे बालामऊ से कानपुर जा रही बालामऊ पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से मौत की सूचना मिली। ट्रेन दो घंटे देरी से कानपुर जा रही थी।
कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता ने खाद लेने जाने की बात बताई है, कोई आरोप नहीं लगाया है।