उन्नाव। नर्सिंगहोम संचालक पर युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के साथ गर्भपात और जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र की युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह शहर के एक मोहल्ले में रहकर दारोगा भर्ती की तैयारी कर रही थी। 10 फरवरी 2024 को दवा लेने शहर के निजी अस्पताल गई थी। आरोप है कि अस्पताल के प्रबंधक देवकांत ने कुछ देर में दवा दिलवाने की बात कही। नाम पते की जानकारी के साथ मोबाइल नंबर भी लिया। आरोप है कि संचालक ने फोन पर हालचाल लेना शुरू किया। फिर शादी का प्रस्ताव रख घुमाने लगे। फ्लैट पर लेकर गए। शारीरिक शोषण किया। जब भी शादी का दबाव बनाती। कोई न कोई बहाना बनाकर टरका देते। पीड़िता के मुताबिक वह गर्भवती हो गई, उसका गर्भपात भी कराया गया। फोटो और वीडियो भी प्रसारित करने का आरोप है। प्रबंधक देवकांत ने आरोपों को निराधार बताया। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि युवती की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।