उन्नाव। चकलवंशी कस्बे में सरकारी जमीन पर बने प्राथमिक और उच्चतर माध्यमिक इंटर कॉलेज की मान्यता रद्द करने की शिकायत पर डीआईओएस ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। टीम के सदस्यों को 15 दिन के भतीर जांच आख्या देने के लिए कहा है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर समिति के सदस्यों ने विद्यालय प्रबंधक से अभिलेख दिखाने के निर्देश दिए हैं।
सफीपुर तहसील क्षेत्र के चकलवंशी निवासी अवधेश कुमार ने डीआईओएस को शिकायती पत्र देकर बताया कि कस्बे में शांति शिक्षा निकेतन प्राथमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इंटर कॉलेज एक ही भवन में संचालित हो रहे हैं। अवधेश के मुताबिक दोनों स्कूल मान्यता के विपरीत संचालित हैं। यही नहीं स्कूल भी सरकारी जमीन पर बने हैं। तहसील प्रशासन भी इस पर आपत्ति लगा चुका है जबकि अभिलेखों में प्रबंधक ने अपनी निजी जमीन पर स्कूल होना दर्शाया है।
शिकायत के आधार पर डीआईओएस ने मान्यता सहित अन्य बिंदुओं पर जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। टीम में राजकीय हाईस्कूल घोंघी रौतापुर के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, जीजीआईसी सफीपुर की प्रधानाचार्य रचना निगम और बीईओ अनीता शाह शामिल हैं। डीआईओएस सुनीलदत्त ने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। टीम के सदस्यों को 15 दिन में जांच आख्या देने के लिए कहा है। जांच समिति ने प्रबंधक से अभिलेख मांगे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।