क्रिकेट मैच में शॉट लगाता खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। आरबी श्रीवास्तव की स्मृति में कैश मनी क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ रेलवे की टीम (एनईआर) ने उन्नाव क्रिकेट क्लब को 70 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मैच का उद्घाटन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सेंगर और सचिव नीरज निगम ने खिलाड़ियों से परिचय करके किया। एनईआर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 20 ओवर में 186 रन का स्कोर खड़ा किया। इरफान अली ने 55 गेंदों पर 10 छक्के व छह चौकों की मदद से 112 रन बनाए। उपेंद्र यादव ने 32 रनों का योगदान किया।
विपक्षी टीम के सैफ अहसन और अर्पित कुशवाहा ने दो-दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। उन्नाव क्रिकेट क्लब लक्ष्य का पीछा करते 19.3 ओवर में 116 रन पर ही ढेर हो गई। सागर ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। एनईआर के शिवम दीक्षित और अमित सिंह ने तीन-तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। समाजसेवी बबलू सिंह और सचिव नवीन सिन्हा ने मैन ऑफ द मैच की शतकीय पारी खेलने वाले इरफान अली को ट्राफी दी।
इस दौरान टूर्नामेंट अध्यक्ष शंकर श्रीवास्तव, सिद्धार्थ सिंह कबीर, मोहम्मद, आकाश सविता, सलमान, लक्ष्य निगम व सारांश शर्मा मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी डॉ. मनीष सिंह सेंगर व ओम मिश्रा ने बताया कि फाइनल मैच खांडेकर क्रिकेट क्लब और एनईआर लखनऊ के बीच खेला जाएगा।