क्रिकेट लीग में जीत के बाद शील्ड दिखाकर खुशी जाहिर करते खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में पं. दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम पर खेले गए अंडर-25 क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला खेला गया। खांडेकर क्रिकेट अकादमी ने डीसीए ब्लू को 16 रन से पराजित कर ट्राफी अपने नाम कर ली।
खांडेकर क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में खांडेकर टीम ने आयुष यादव के शानदार 53 रन की बदौलत पांच विकेट खोकर 155 रन बनाए। इसमें राहुल यादव ने 39 व अभय ने 32 रनों का योगदान दिया। डीसीए ब्लू के देवर्षि व मयंक ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए ब्लू के प्रांजुल ने 49 रन व देवर्षि कुशवाहा ने 34 रन बनाए। प्रांजुल के पवेलियन लौटते ही डीसीए ब्लू की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 139 रन ही बना सकी। खांडेकर क्रिकेट अकादमी के जितिन त्रिवेदी ने तीन और आयुष ने दो विकेट झटके।
अंपायरिंग शिशिर बाजपेयी व राजेश ने की। स्कोरिंग आरके वर्मा ने की। किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य एआर खान, विशिष्ट अतिथि डॉ. एसपी सिंह, विनोद कृष्ण शर्मा, मंजूलता अवस्थी व संजय राठी ने विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के महामंत्री पीके मिश्रा, राजेश चौधरी, शशिकांत खांडेकर, राजेंद्रनाथ, अभिनव व विनोद शुक्ला मौजूद रहे।