बांगरमऊ। नेवलापुर के मजरा रसालखेड़ा के पास खेत में एक नर कंकाल मिला है। हत्या कर लाश फेंके जाने की आशंका है। पुलिस ने कंकाल कब्जे में लेकर डीएनए नमूना के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेजा है।
रसालखेड़ा गांव निवासी करन के खेत में नेवलापुर निवासी सुखनंदन ने सोमवार दोपहर एक नर कंकाल देखा। दाहिने पैर में जींस फंसी देख उसने ग्रामीणों की सूचना दी। इस पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। धड़ और सिर अलग-अलग पड़ा होने से हत्या की आशंका जताई जाने लगी। कोतवाल बृजेंद्र नाथ शुक्ल ने बताया कि कंकाल 20-25 दिन पुराना लग रहा है। अभी तक किसी के लापता होने की कोई सूचना कोतवाली में नहीं दी गई है। जिले के अन्य थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामले देखे जाएंगे।