पाटन। बिहार थानाक्षेत्र के बैजुआमऊ गांव में शुक्रवार रात प्रेम-प्रसंग के विवाद में हुए खूनी संघर्ष में युवक के पिता की मौत के मामले में पुलिस ने छह पर प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मृतक की घायल मां, पत्नी व बेटे का जिला अस्पताल में इलाज किया गया।
बैजुआमऊ निवासी पवन कुमार ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि शनिवार शाम गांव के ही राजकुमार ने अपनी बेटी को किसी बात पर घर से निकाल दिया था। उसने घर पहुंची स्वजातीय युवती को आश्रय दे दिया था। इसी बात से नाराज होकर राजकुमार ने बेटों फूलचंद्र, दीपक व रोशन के साथ उसके घर आ धमके। धारदार हथियारों व लाठी-डंडों से पिता पुत्तीलाल (50) पर हमला बोल दिया। बचाने आई मां सुनीता, दादी राजेश्वरी, भाई अमन पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। पवन ने मारपीट में फूलचंद्र की पत्नी मीना व दीपक की पत्नी सरला के शामिल होने की भी बात कही।
सीओ मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि पवन की तहरीर पर राजकुमार, फूलचंद्र, दीपक, रोशन, मीना व सरला के खिलाफ हत्या, घर में घुसकर मारपीट, बलवा आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीन को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। वहीं ग्रामीणों में चर्चा रही कि पवन की युवती से नजदीकी थी। इसकी जानकारी युवती के परिजन को हो गई थी। इस पर वह युवक और परिजन से खुन्नस मानने लगे थे। इसी खुन्नस में वारदात की गई।
गांव में तनाव का माहौल, पुलिस तैनात
तनाव के माहौल को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव में जगह-जगह घटना को लेकर लोगों में चर्चाएं होती रहीं। आरोपी परिवार के घर पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं पुत्तीलाल के घर पर मातम का माहौल रहा।
पुलिस गंभीरता बरतती तो न बढ़ता मामला
बैजुआमऊ गांव में हुए संघर्ष के मामले में लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस सचेत रहती तो शायद घटना टल जाती। शनिवार शाम को दोनों परिवारों के बीच हुए विवाद पर डायल 112 मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर चली आई थी। चौकी प्रभारी पाटन यदि मामले को गंभीरता से लेते तो यह स्थिति नहीं बनती।
बक्सर घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने पुत्तीलाल का शव परिजन को सौंप दिया। इसके बाद परिजन ने बक्सर घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया। पोस्टमार्टम हाउस में पुत्तीलाल की घायल मां राजेश्वरी, पत्नी सुनीता समेत अन्य परिजन बिलखते रहे।
फोटो-22-पुत्तीलाल (फाइल फोटो)।
फोटो-22-पुत्तीलाल (फाइल फोटो)।