फोटो-14-तकिया गांव में बल्ली के सहारे खींचे गए विद्युत तार। संवाद
गंजमुरादाबाद। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम तकिया में अभी तक एक बड़े आबादी क्षेत्र में न केबल बिछाए गए हैं और न ही बिजली के पोल लगाए गए हैं। उपभोक्ता बांस-बल्ली के सहारे 50 मीटर दूर से केबल लाकर बिजली का उपयाेग कर रहे हैं। ऐसे में गांव में हर समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्राम पंचायत देवरिया के मजरा तकिया का विद्युतीकरण करीब एक दशक पूर्व किया गया था। आधी आबादी क्षेत्र में बिजली के केबल और पोल लगाकर घरों तक बिजली पहुंचाई गई थी। शेष आधे हिस्से में अभी भी न केबल बिछाया गया और न ही पोल लगाए गए हैं। ऐसी स्थिति में उपभोक्ता केबल तार बांस-बल्ली के सहारे बांधकर घरों तक ले गए हैं। ये बल्लियां नीचे से सड़कर कमजोर हो गई हैं जो कभी भी बड़े हादसे का सबक बन सकती हैं।
उपभोक्ताओं ने जब गांव में पोल और केबल तार बिछाने की मांग अधिकारियों से की तो उन्होंने डेढ़ लाख का खर्च जमा करने की बात कही। गांव के प्रधान प्रदीप कुमार, नरेश कुमार, निशार अली, संदीप कुमार, महेंद्र कुमार, सुंदर, संतोष कुमार, गयाराम और राम ने जिलाधिकारी से केबल और पोल लगाने की मांग की है। एसडीओ रमेश चंद्र धीमान ने बताया कि जल्द ही गांव का सर्वे कर केबल व पोल लगाए जाएंगे।