उन्नाव। सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा ने अपर सांख्यिकीय अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सीडीओ ने बताया कि जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने अपर सांख्यिकीय अधिकारी के खिलाफ रिपोर्ट दी है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि वह मनमाने ढंग से उपस्थिति पंजिका में उपस्थिति भरकर कार्यालय से अनुपस्थित रहते हैं। चार अक्तूबर को कार्यालय में उपस्थित रहे लेकिन उच्चाधिकारियों को भ्रमित करने के लिए अपनी अस्वस्थता का प्रार्थनापत्र कार्यालय के व्हाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट किया। चिकित्सा अवकाश पर रहने के बाद बिना योगदान आख्या दिए ही मनमाने तरीके से कार्यालय की उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर कर दिया। प्रमोद कुमार पर कार्यालय की महिला कार्मिकों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने का भी आरोप है।
आरोप है कि अपर सांख्यिकीय अधिकारी ने 29 जुलाई को पिता रामकेश के चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित दावे में किसी कमलेश जायसवाल के नाम से संबंधित बिल व चिकित्सीय पर्चे लगाए। बाद में ओवरराइटिंग और कटिंग करके रामकेश गुप्ता कर गलत तरीके से धनराशि प्राप्त करने का प्रयास किया। नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।