बरसात का मौसम जब परवान चढ़ चुका है और लगभग रोजाना बारिश भी हो रही है तब नगर पालिका को नाला सफाई की सुध आई है। इससे पालिका कर्मचारी नालों में बंधा लगाकर नाला सफाई कर रहे हैं और हल्की सी बारिश में ही नालों का पानी उफनाकर रोड पर आ रहा है जिससे आवागमन करने वालों को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका उन्नाव के अधिकारियों की लापरवाही शहर के निवासियों के लिए मुसीबत का सबब बनती जा रही है। पालिका कर्मचारियों ने जुलाई माह के अंत में अताउल्ला नाला की सफाई का काम शुरू किया है। इसमें कर्मचारी नाले में बंधा लगाकर पानी रोक देते हैं और सफाई का काम किया जा रहा है। इससे हल्की सी बारिश में ही नाले का पानी उफनाकर रोड पर आ जाता है और लोगों को इससे होकर निकलना पड़ रहा है। मौजूदा समय में शहर के मोहल्ला बुधवारी, सुंदर टाकीज सहित करीब आधा दर्जन मोहल्लों के लोग इस भीषण गंदे पानी की दुर्गंध झेलने को मजबूर हैं। वहीं इस क्षेत्र पर शहर की जामा मस्जिद व दो मुख्य कब्रिस्तान भी पड़ते हैं जहां पर नमाज पढ़ने को जाने वाले व जनाजा लेकर जाने वालों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे क्षेत्रीय लोगों ने पालिका अधिकारियों से जल्द इस मुसीबत से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नाला सफाई का काम जोरों पर है। एक दो दिन में ही इस समस्या को दूर कर दिया जाएगा।