राजस्थान के कोटा से बस द्वारा उन्नाव पहुंचे छात्र-छात्राएं।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। राजस्थान के कोटा में हॉस्टल में रहकर मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे सात और छात्र सोमवार शाम उन्नाव लौट आए। सभी को शहर के एक रिसॉर्ट में क्वारंटीन किया गया है। इसमें तीन छात्राएं भी हैं।
औरास ब्लॉक के मीठेपुर गांव के विनोद, हसनगंज धौरा के अभिषेक, सिकंदरपुर सरोसी के गांव कुर्मिनखेड़ा के त्रिदिवेश कुमार व शहर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी नितांशी सिंह, मंजूलता, रितिक सिंह व कल्याणी मोहल्ला निवासी मांशी सिंह कोटा के एक हॉस्टल में रहकर मेडिकल व इंजीनियरिंग कालेज में प्रवेश के लिए तैयारी कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण के बाद देश में लॉकडाउन लागू होने से सभी हॉस्टल में ही फंसे थे। छात्रों की ओर से मुख्यमंत्री को ट्वीट कर मदद मांगी गई थी। सभी को वापस भेजा गया है। सोमवार शाम कानपुर के झकरकटी से किदवईनगर डिपो की बसों से भेजा गया। छात्रों ने बताया कि सफर शुरू करने से पहले सभी की थर्मल स्क्रीनिंग हुई थी। कोटा से आगरा पहुंचने पर फिर स्क्रीनिंग कराई गई और नाश्ता भी दिया गया।
छात्रों ने बताया कि लॉकडाउन को लेकर वह सभी असमंजस की स्थिति से जूझ रहे थे। बताया कि उनके पास रुपये खत्म हो गए थे। हॉस्टल संचालक ही उन्हें खाना खिला रहे थे। बताया कि मुश्किल वक्त में घर-परिवार से दूरी बहुत खल रही थी। सोशल मीडिया पर मदद के लिए मुहिम शुरू की और सफल भी हुए। छात्रों ने बताया कि सफर में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. आरएस मिश्रा ने बताया कि सभी को क्वारंटीन वार्ड में रखा गया है। थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है।