नवाबगंज। सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कोरोना संक्रमित मां-बेटी में ब्लड की कमी हो गई। ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में इस ग्रुप का दो यूनिट ब्लड ही है। डॉक्टर छह यूनिट ब्लड की जरूरत बता रहे हैं। मां-बेटी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं। अस्पताल प्रबंधन रक्तदान करने की अपील की है।
शहर के मोहल्ला कल्याणी निवासी मां-बेटी सहित परिवार के तीन लोग कोरोना संक्रमित हो गए थे। उन्हें चार दिन पहले सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जांच में मां बेटी के एनीमिक निकलने के साथ अन्य बीमारियां मिलीं। जांच में ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव निकला।
दोनों के शरीर में ब्लड कॉफी कम होने से डॉक्टर ने 3-3 यूनिट ब्लड चढ़ाने की बात कही। 6 यूनिट में 2 यूनिट ब्लड जिला अस्पताल की पैथोलॉजी से लिया गया। अब वहां भी ब्लड समाप्त हो गया है। इस ग्रुप का डोनर भी अस्पताल प्रबंधन को फिलहाल नहीं मिल पा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक मनोज सिसोदिया ने बताया कि 6 यूनिट में 2 यूनिट ब्लड मिला है। ब्लड की व्यवस्था कराने के प्रयास जारी हैं। मां-बेटी में कुछ और बीमारियां हैं। लेकिन पहले कोरोना का इलाज चल रहा है।
सीएमएस ने की अपील
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीबी भट्ट ने बताया कि एबी पॉजिटिव ग्रुप का दो यूनिट ही ब्लड था। जो अब खत्म हो गया है। जिसका यह ग्रुप हो वह आगे आएं और मां बेटी की मदद करें।