एसपी नेहा पांडेय ने मंगलवार को शहर में गश्त की। उन्होंने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी देते हुए फुटपाथ पर लगी दुकानें और सामान हटवाया। रोडवेज बस चालकों ने सामने दुकानें लगने से बस निकालने में हो रही परेशानी बताने पर एसपी ने समाधान का आश्वासन दिया।
शाम चार बजे एसपी नेहा पांडे अचानक सदर पुलिस चौकी पहुंची और यहां चौकी इंचार्जों और पुलिस जवानों की अलग-अलग तीन टीमें बनाकर शहर में गश्त की।
उन्होंने सड़क घेरकर वाहन खड़े करने वालों को चेतावनी दी। फुटपाथ पर लगी दुकानों हटवाया और वाहन चेकिंग की। वाहन चेकिंग के दौरान दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने पर 11 वाहनों का चालान कटवाया।
एक बाइक में दो महिलाओं और तीन बच्चों को बैठाए देख कंजी निवासी इरफान को रोका और फटकार लगाई। कहा कि अपनी नहीं तो कम से महिलाओं और बच्चों की जान की परवाह करो। एसपी के समझाने के बाद इरफान ने मानक से अधिक सवारियां बैठाने से तौबा की।
रोडवेज बस स्टेशन से बाहर खड़े होने पर उन्होंने चालकों से रास्ता न रोकने की बात कही तो चालकों ने कहा कि मैडम स्टेशन के सामने फुटपाथ पर दुकानें लग जाती हैं, इससे बस मोड़ने में दिक्कत होती है।
एसपी के निर्देश पर सभी दुकानों को हटवाकर रास्ता खाली कराया गया। इस दौरान किला चौकी इंचार्ज ने आवास विकास बाईपास तिराहा तक गश्त की, जबकि दोस्ती नगर पुलिस चौकी इंचार्ज दयाशंकर पांडेय ने सिविल लाइंस क्षेत्र में गश्त की।