मियागंज ब्लाक की न्याय पंचायत माखी में परिषदीय स्कूलों की क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 36 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि मियागंज ब्लाक अध्यक्ष संजय सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खेलकूद प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर पर हुई बालकों की 50 मीटर दौड़ में खत्रिनखेड़ा प्राथमिक स्कूल के छात्र सौरभ प्रथम, बालिका वर्ग में विरमपुर प्राथमिक स्कूल की छात्रा माधुरी प्रथम, 100 मीटर दौड़ में माखी प्राथमिक स्कूल के छात्र संजय प्रथम, बालिकाओं में पारा प्राथमिक स्कूल की छात्रा कोमल प्रथम रहीं। वहीं जूनियर वर्ग में सौ मीटर दौड़ में कोरारी कला जूनियर स्कूल के छात्र आदित्य प्रथम, बालिकाओं में भवानीखेड़ा की छात्रा मुस्कान प्रथम स्थान पर रही। कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर पर माखी प्रथम व जूनियर स्तर पर टेनई प्रथम रहा। प्रतियोगिता व्यायाम टीचर भूपेंद्र सिंह ने संपन्न कराई। इस दौरान प्रभाकर वर्मा, पिंकी त्रिवेदी, पवन कुमार, चंदन सिंह, चेतराम गौतम, संदीप मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।
लंबी कूद, कबड्डी, भाला फेंक में विजेता सम्मानित
नवाबगंज के श्याम लाल इंटर कालेज में हुई ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बारह से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। यहां लंबी कूद, कबड्डी, भाला फेंक व दौड़ प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान बीईओ अशोक सिंह, के अलावा व्यायाम टीचर शिव शंकर उत्तम, अनीता वर्मा, सुधीर मिश्रा, सोनू दीक्षित, अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा उपस्थित रहे।