जिले की बैंकों में करेंसी की किल्लत से अब लोगों का सब्र टूटने लगा है। जेब में पैसे की कमी होने से घर खर्च, बच्चों की स्कूल फीस, दवा जैसी अहम जरूरतें पूरा करने में मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। बुधवार को कई बैंकों में कैश की किल्लत हंगामे का कारण बना था। गुरुवार को भी बैंकों में करेंसी की स्थित ठीक नहीं रही। यूनियन बैंक, कैनरा बैंक, बीओआई, कार्पोरेशन बैंक में खाताधारकों व स्टाफ कर्मियों के बीच मुहांचाही के हालात बने रहे। एसबीआई व पीएनबी ने पेंशनर्स व सरकारी कर्मचारियों का वेतन आने के चलते गैर जनपदों से कैश मंगा कर्मचारियों को थोड़ी राहत जरूर दी। सेंट्रल बैंक में सुबह के 11 बजे ही कैश खत्म हो जाने पर भीड़ ने हंगामा किया तो स्टाफ ने समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद महिलाओं व बुजुर्गों ने बैंक परिसर में ही डेरा जमा लिया। घंटों इंतजार के बाद एक फूटी कौड़ी भी न मिलते देख। लोग स्टाफ को खरी खोटी सुनाते हुए बाहर निकलने लगे। यह हाल दोपहर बाद लगभग सभी बैंकों में रहा। शहर के एबी नगर मोहल्ला निवासी रंजीता अपने भाई के साथ पीएनबी जवाहर नगर में नगदी निकालने आईं थी। भुगतान लाइन में लगी ही थी कि अचानक तबियत बिगड़ गई। महिला की तबियत बिगड़ते देख शाखा प्रबंधक ने तत्काल भुगतान करा उसे भाई की मदद से घर भिजवाया।
मैनेजर ने धक्के देकर निकाला, टोल फ्री नंबर पर शिकायत
नवाबगंज। अजैगन थाना क्षेत्र के नानाटीकर गांव निवासी कमलेश का नवाबगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक में खाताधारक हैं। शुक्रवार से दस हजार के भुगतान के लिए बैंक के चक्कर लगा रहे कमलेश को मंगलवार को टोकन तो एलाट हो गया लेकिन करेंसी की कमी से भुगतान नहीं हो सका। बुधवार को घंटों इंतजार के बाद बैंक मैनेजर से युवक ने भुगतान की बात कही तो वह भड़क गए। आपा खोते हुए युवक को खरी खोटी सुनाई और केबिन से बाहर खदेड़ दिया। इस पर युवक ने पीएनबी के टोल फ्री नंबर पर शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कैश की किल्लत तो है, पर काम चलाया जा रहा है
पेंशनर्स के साथ ही सरकारी कर्मचारियों का वेतन भुगतान का बोझ बढ़ जाने से अब दिक्कत कुछ ज्यादा बढ़ गई है। दस से बीस हजार का भुगतान कर काम चलाया जा रहा है। तो वहीं शादी समारोह वाले परिवार को ढाई लाख रुपये के अलावा जरूरतमंद को चौबीस हजार का भुगतान भी दिया गया। इसके अलावा सीनियर सिटीजन व सरकारी कर्मचारियों की सहूलियत को अलग काउंटर खोले गए हैं। दीपेंद्र यादव मुख्य शाखा प्रबंधक एसबीआई
पीएनबी में सीनियर सिटीजन का खुला अलग काउंटर
सरकारी कर्मचारियों की सैलरी व पेंशनर्स के भुगतान को देखते हुए बुधवार की देर शाम गैर जनपद से 20 लाख से अधिक की करेंसी मंगाई गई थी। गुरुवार को सीनियर सिटीजन व सरकारी कर्मचारियों के लिए अलग काउंटर खोल भुगतान किए गए। कैश की कमी को देखते हुए पांच से दस हजार का भुगतान ही संभव हो सका। वरुण दीक्षित शाखा प्रबंधक पीएनबी जवाहरनगर