उन्नाव। पीतांबरनगर मोहल्ला निवासी युवक ने तीन युवकों पर 40 हजार लूट के साथ रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को जेल भेजा है। उसके दो साथियों से कोतवाली में पूछताछ की जा रही है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला पीतांबरनगर निवासी सुरेंद्र कुमार ने तहरीर देकर बताया कि रविवार सुबह चार अगस्त को नौ बजे वह घर से एक काम के लिए जा रहे थे। सड़क से पहले एक शोरूम के पास बाइक सवार तीन युवक मिले और कनपटी पर तमंचा लगाकर जेब में पड़े 40 हजार रुपये लूट लिए। लुटेरों ने उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच की तो घटना में शामिल आरोपियों में पीतांबरनगर मोहल्ला निवासी जय सिंह, उसका साथी सचिन मिश्रा और योगेंद्र गौतम के नाम सामने आए।
पुलिस ने दबिश देकर तीनों को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दो अन्य आरोपियों से पुलिस कोतवाली में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल के साथ किला चौकी इंचार्ज इंद्रदेव उपाध्याय भी शामिल रहे।कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को जेल भेजा गया है। उसके दो साथी कोतवाली में हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है।