पुरवा कोतवाली क्षेत्र के हुलासीखेड़ा गांव निवासी सुशील पुत्र किशोरचंद को बिहार पुलिस ने वर्ष 2014 में चोरी के मामले में पकड़ा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने माल बरामदगी के बाद उसे थाने के लॉकअप में डाल दिया था।
देर रात आरोपी पेट दर्द का बहाना कर लॉकअप से बाहर निकला और ड्यूटी मुंशी मनोज व होमगार्ड सर्वेश को गच्चा देकर भाग निकला। घटना में बिहार पुलिस ने लापवाही बरतने वाले मुंशी व होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
आरोपी पर भी लॉकअप से भागने का एक और मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार सुबह एसओ बिहार मनोज मिश्र को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सुशील पाटन कसबे में किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।
इंस्पेक्टर मनोज मिश्र फोर्स के साथ घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आए। एसओ ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
इंसेट-1
थाने में मचाया उत्पात
पकड़े जाने के बाद आरोपी सुशील ने थाने में खूब उत्पात मचाया। खुद को पुलिस से बचाने के लिए आरोपी ने कई बार अपना सिर दीवार पर पटक लिया। सिपाही होमगार्ड जब उसे पकड़ने गए तो वह सभी से भिड़ गया।
आरोपी का ड्रामा देख पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। बिना देर किए उसे पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट भेज दिया गया। इंस्पेक्टर मनोज मिश्र ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।