असोहा थानाक्षेत्र के पिपरी गांव में रविवार सुबह काजल (20) पत्नी प्रदीप ने घर के अंदर कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। ससुरालीजनों ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला था।
सूचना पाकर मृतका के पिता बिगरिया थाना काकोरी जनपद लखनऊ निवासी राजू व पुलिस मौके पर पहुंची थी। पंचनामा के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया गया था। सोमवार देर रात मृतका के पिता राजू ने थाने में तहरीर देकर पति प्रदीप, सास निर्मला, ससुर दिनेश और देवर रोहित पर दहेज के लालच में हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पिता ने बताया कि पति प्रदीप ने काजल से लखनऊ में ज्वैलरी की दुकान खोलने के लिए 2 लाख रुपये की मांग की थी लेकिन काजल ने मना कर दिया था। इसके बाद से ससुरालीजन उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने मृतका के ससुर दिनेश, पति प्रदीप और देवर रोहित को पकड़ लिया है।
एसओ जेबी सिंह ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पति, देवर और ससुर को पकड़ लिया गया है। एसओ ने बताया कि काजल की पीएम रिपोर्ट में फ ांसी से मौत की पुष्टि हुई है।