उन्नाव। रेलबजट से उन्नाव वासियों के लिए खुशी खबर है। रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने किराया न बढ़ाकर और मानवरहित क्रासिंग को खत्म करने की घोषणा कर रेलयात्रियों के साथ आम लोगों को राहत दी है।
दूसरी ओर बालामऊ व रायबरेली रेलवे रूट पर दौड़ने वाली ट्रेनों में डिब्बे न बढ़ाकर यात्रियों को निराश किया है। वहीं उन्नाव रेलवे स्टेशन के अलावा अन्य स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं के बढ़ाने के लिए कोई घोषणा नहीं की है। यहां से रायबरेली व बालामऊ के लिए भी ट्रेनें मिलती हैं।
रायबरेली व बालामऊ रूट पर एक दर्जन से अधिक स्टेशन व छोटे हाल्ट पड़ते हैं। अधिकांश स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का टोटा है। उन्नाव-पुरवा नई रेलवे लाइन बिछाने की कोई घोषणा नहीं की गई। कोई प्रगति न दिखने से क्षेत्रीय लोगों में भी मायूसी छाई हुई है। माडल स्टेशन को पूरा करने की ओर भी नहीं बढ़ाया गया।