पुरवा। विकासखंड पुरवा की ग्रामसभा नहरामऊ के प्रधान करुणा शंकर द्विवेदी ने पंचायत मित्र व उसके पिता पर मनरेगा योजना में लाखों रुपये की गड़बड़ी का आरोप लगाया है। डीएम को दिए शिकायतीपत्र में बताया कि उसके कार्यकाल की शुरुआत से अब तक मनरेगा कार्य में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी हुई है। वह कम पढ़ा लिखा और अंग्रेजी भाषा का जानकार नहीं है।
जिसका फायदा पंचायत मित्र और उसके पिता उठा रहे हैं। आरोप लगाया कि मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों द्वारा कराई गई मजदूरी का आज तक उन्हें भुगतान नहीं मिला। जबकि फर्जी चहेतों के नाम दर्ज करके मनरेगा धनराशि निकाल ली गई। आरोप लगाया कि ग्रामसभा में नियुक्त पंचायत मित्र की शादी काफी समय पूर्व हो चुकी है। वह ससुराल में रहती है। उसका काम पिता देखते हैं। प्रधान ने मनरेगा कार्यों में धांधली की जांच कराकर पंचायत मित्र को बर्खास्त करने की मांग की है। उधर, विकासखंड सिकंदरपुर कर्ण की ग्रामसभा गौरी त्रिभानपुर की महिला प्रधान सुनीता वर्मा ने डीएम को दिए गए प्रार्थनापत्र में बताया कि वर्ष 2018/19 में चौदहवें व राज्यवित्त से गांव में नाली खड़ंजे का निर्माण हुआ था। जिसकी लागत 59000 रुपये आई थी। प्रधान सुनीता वर्मा ने बताया कि इस राशि को ग्राम पंचायत अधिकारी सोनम वर्मा ने ग्राम पंचायत के खाते में न डालकर पंचायत मित्र सुनील कुमार के निजी खाते में ट्रांसफर कर दिया। इस विषय में एडीओ पंचायत शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत की जांच की जाएगी।