वर्ष 2014-15 में समग्र लोहिया ग्राम विकास योजना में चयनित सिकंदपुर करन ब्लाक की मालमऊ ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि मालमऊ को छोड़कर उसके चारों मजरो में बिजली नहीं है। एक्सईएन ने 29 फरवरी के अंत तक राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना से विद्युतीकरण कराए जाने की बात कही।
ग्रामीणों ने कटरी को मुख्य मार्ग से जोडेे़ जाने की मांग की। इस पर अवर अभियंता ने बताया की मजरा की आबादी केवल 190 है इसलिए फिलहाल पक्की सड़क नहीं बन सकती। समीक्षा के दौरान 11 इंदिरा आवासों में 5 अपूर्ण होने पर इनमें शौचालय निर्माण न होने पर उन्होंने बीडीओ धर्मेंद्र श्रीवास्तव को फटकार लगाई।
एसडीएम जसजीत कौर नें कृषि एवं मछली पालन के पट्टों के कब्जों की लाभार्थियों से पड़ताल कर हकीकत जानी। कृषि अधिकारी ने भूमि के मृदा परीक्षण की बात बताई लेकिन डीएम के मांगने पर भी कोई किसान परीक्षण कार्ड नहीं दिखा पाया। चौपाल के दौरान वर्तमान प्रधान ने पूर्व प्रधान पर ग्रामीणों के आधार कार्ड की रसीद अपने पास रखे होने की शिकायत की। करीब एक बजे गांव पहुंची डीएम व अन्य अधिकारी दोपहर 3.30 बजे वापस लौटे। इस दौरान सभी विकास व जनकल्याण की योजनाओं से सबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।