मौरावां/बीघापुर। विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने सोमवार को राजकीय पशु चिकित्सालय के नए भवन का लोकार्पण किया। बीघापुर में किसान कल्याण केंद्र का भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योगी सरकार में गो हत्या बंद हो गई है।
सोमवार को राजकीय पशु चिकित्सालय मौरावां के 40.28 लाख की लागत से बने नए भवन का लोकार्पण विधानसभा अध्यक्ष करने पहुंचे। उन्होंने राज्य निर्माण एवं श्रम विभाग के चेयरमैन वीरेंद्र कुमार तिवारी के साथ बटन दबाकर लोकार्पण किया। अध्यक्ष ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में गोकशी होती थी। योगी सरकार में गो हत्या बंद हो गई है। वर्तमान सरकार पशु संरक्षण व पशुपालन की अनेक योजनाओं का लाभ पशुपालकों को दे रही है। चेयरमैन वीरेंद्र कुमार तिवारी, क्षेत्रीय विधायक अनिल सिंह और पशु चिकित्सकों में केआर सिंह, विजय सिंह, वीपी राय, शिवप्रकाश मौर्य, एसडीएम राजेश चौरसिया व सीओ रघुवीर सिंह मौजूद रहे। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष नगर पंचायत बीघापुर में बनने वाले किसान कल्याण केंद्र के भूमि पूजन में पहुंचे। कहा कि कोरोना महामारी की विपरीत परिस्थितियों में भी विकास की गति को रुकने नहीं दिया गया है।
चेयरमैन वीरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि एक करोड़ की लागत से बनने वाले किसान कल्याण केंद्र का निर्माण 31 दिसंबर तक हर हाल में पूर्ण हो जाएगा। प्रयास किया जाएगा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा किसान कल्याण केंद्र का लोकार्पण हो। समाजसेवी सुभाष भाटी, ग्राम प्रधान रामू भदौरिया, विहिप के वरिष्ठ नेता रविशंकर शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद नारायण शुक्ला, मंडल अध्यक्ष सिकंदरपुर कर्ण अजय बाजपेयी, एसडीएम दयाशंकर पाठक, उप कृषि निदेशक डॉ. नंदकिशोर, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप कुमार मिश्रा, ईओ राजेश कुमार दुबे मौजूद रहे।