उन्नाव। गुरुवार को 596 ग्राम पंचायतों में पहली बैठक हुई। इस दौरान छह समितियां गठित करके विकास कार्यों पर चर्चा की गई। किसी ग्राम पंचायत में नाली तो किसी में पक्के मार्ग के निर्माण के प्रस्ताव रखे गए। इन्हें सर्व सम्मति से सहमति दे गई।
ग्राम पंचायत दबौली में प्रधान अजीत कुमार ने सदस्यों की सहमति से काली मिट्टी दबौली मार्ग से जोद्धा के घर तक तीन सौ मीटर नाला मरम्मत एवं जोद्धा के घर से नन्हई के तालाब तक तीन सौ मीटर नया नाला निर्माण का प्रस्ताव रखा। नाला बनने से आधा सैकड़ा घरों को जल निकासी की समस्या से निजात मिलेगी। ग्राम पंचायत दोस्तपुर शिवली, सैंता, फखरापुर, दौलतपुर, जाजामऊ एहतमाली, गड़ाई, सादुल्लापुर, शकूराबाद, सूसूमऊ, गंगादासपुर में हुई बैठकों में छह समितियाें का गठन किया गया। ग्राम पंचायत हिलौली की पहली बैठक रामलीला मैदान में बने पंचायत भवन में हुई। इसमें सर्व सम्मति से नियोजन व विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, निर्माण, जल प्रबंधन व प्रशासनिक छह समितियों का गठन किया गया। प्रधान पुष्पा सोनी व सचिव सर्वेश बाजपेयी ने अपील की कि ग्रामीणों को कोरोना टीका लगवाने को जागरूक करें।
नरहरपुर, बृजपालपुर, मिर्जापुर, रायपुर, दौलतयारपुर समेत अन्य में पहली बैठक हुई। बृजपालपुर में गांव के प्राथमिक विद्यालय के कायाकल्प और खराब हैंडपंपों की मरम्मत समेत गांव की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त कराने के प्रस्ताव रखे गए। ग्राम पंचायतों में बरातशाला से लेकर सड़क, जल निकासी और आवास योजनाओं पर चर्चा की गई। एडीओ पंचायत छोटेलाल ने बताया कि बैठकों में सदस्यों द्वारा की गई चर्चा को बिंदुवार रजिस्टर में दर्ज किया गया है। धनराशि उपलब्ध होने पर सदस्यों के प्रस्ताव पर कार्य कराया जाएगा।
हसनगंज ब्लाक क्षेत्र की 57 पंचायतों में समितियों का गठन करने के बाद सदस्यों ने पानी, सड़क के प्रस्ताव रखे। एडीओ पंचायत लल्लू लाल ने बताया कि समिति गठन के दौरान गांव में नाली, खड़ंजा निर्माण पर भी चर्चा की गई है। सिंघनापुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में ग्राम पंचायत की बैठक में प्रधान तारावती पाल नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ वर्षाें पुरानी परंपरा को अपनाते हुए पगड़ी पहनकर पहुंचीं। इस दौरान समितियों का गठन करके गांव में कराए जाने वाले विकास कार्यों पर चर्चा करके प्रस्ताव दिए गए।