उन्नाव। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए डीएम रवींद्र कुमार ने मगरवारा के पंचायत भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत भवन में चौकी प्रभारी मगरवारा का डेरा देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने तत्काल चौकी प्रभारी को पंचायत भवन खाली करने की हिदायत दी।
इस सप्ताह किसी भी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का जिले का दौरा कर सकते हैं। इसको देखते हुए जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है। मुख्यमंत्री को नजदीक की किसी ग्राम पंचायत का दौरा कराने की तैयारी हो रही है। बुधवार को डीएम रवींद्र कुमार ने मगरवारा व मसवासी ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। मगरवारा का पंचायत भवन पुलिस चौकी से सटा है। यहां आवास न होने के कारण पंचायत भवन के एक कमरे में रह रहे चौकी प्रभारी अखिलेश यादव को हिदायत दी कि वह पंचायत घर को खाली कर दें। पंचायत भवन से सटी ग्राम समाज की जमीन पर जल निगम के निष्प्रयोज्य जर्जर भवन की मरम्मत कराकर परिवार सहित रह रही बिट्टा देवी को वहां से बेदखल करने का भी डीएम ने आदेश दिया।