संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। आज से पेटीएम पेमेंट बैंक और पेटीएम फास्टैग बंद हो जाएगा। पेटीएम से जारी फास्टैग के भुगतान को बंद करने को लेकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने एडवाइजरी जारी कर दी है।
पेटीएम से सभी भुगतान और रिचार्ज पर आरबीआई ने रोक लगाई है। इस पर एनएचएआई ने हाल ही में फास्टैग के भुगतान के लिए जारी बैंकों की लिस्ट से पेटीएम पेमेंट्स बैंक को हटा दिया है। एनएचएआई ने पेटीएम का प्रयोग करने वाले वाहन स्वामियों से फास्टैग किसी अन्य किसी बैंक से बदलने को कहा। इसकी अंतिम तारीख 15 मार्च यानि आज है।
नई लिस्ट में एयरटेल पेमेंट्स बैंक, (इलाहाबाद) इंडेन बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, एक्सिस बैंक, बंधन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सिटी यूनियन बैंक, कोसमॉस बैंक, डोंबिवली नागरी सहकारी बैंक, इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक, फेडरल बैंक, फिनो पेमेंट बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई आदि बैंक शामिल हैं।
टोल मैनेजर एएस चौहान ने बताया कि आरबीआई के दिशा-निर्देश पर आज से पेटीएम फास्टैग में रिचार्ज नहीं हो सकेगा। ग्राहक अपने बचे हुए पैसे का इस्तेमाल टोल पर नहीं कर सकेंगे। बताया कि पेटीएम फास्टैग से जुड़ी किसी अन्य जानकारी के लिए अपने बैंक या इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी की वेबसाइट की मदद ले सकते हैं।
तीन महीने तक आशीर्वाद वसूलेगी टोल
नवाबगंज। लखनऊ कानपुर हाईवे पर संचालित टोल प्लाजा की टेंडर प्रक्रिया बुधवार को फिर से एक बार पूरी हुई। जिसमें गुजरात की कंपनी आशीर्वाद स्मार्ट की सबसे ज्यादा रकम पर एनएचएआई ने आगामी तीन माह 13 मार्च से जून 2024 तक हाईवे की टोल शुल्क वसूली के ठेके का नवीनीकरण कर दिया है। टोल मैनेजर एएस चौहान ने इसकी पुष्टि की है।