उन्नाव। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत सांसद ने किसानों को चार किलो की उड़द बीज की मिनी किट मुफ्त बांटी। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सांसद आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि सरकार दलहनी फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 50 से 100 प्रतिशत तक अनुदान पर बीज का वितरण कर रही है। दलहनी फसलों से जमीन उपजाऊ होती है। किसानों को स्वास्थ्यवर्धक दालें प्राप्त होती है। किसानों को प्रतिदिन अपने भोजन में दालों का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की सलाह दी। बीमा योजना में प्राकृतिक आपदा होने पर किसानों को फसल की क्षतिपूर्ति प्राप्त होती है। कृषि उप निदेशक डॉ. नंद किशोर ने कहा कि प्रचार वाहन 10 जुलाई तक सभी ब्लॉकों में योजना का प्रचार प्रसार करेगा। दलहनी फसलों का बीज राजकीय कृषि बीज भंडारों पर उपलब्ध है। किसान क्रेडिट कार्ड के लिए बैंक में जाकर आवेदन कर सकते है। ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा है। किट प्राप्त करने वाले किसानों में सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के संजय, खुशीराम, राजेश, शिवकुमार, रामभजन, बिछिया ब्लॉक से रामबहादुर कुशवाहा, मनोज कुमार, अमित कुमार, आशीष, रामचंद्र कुशवाहा शामिल रहे।