उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे के गदनखेड़ा चौराहा पर पिकेट ड्यूटी में पुलिस कर्मियों के नदारत होने से शुक्रवार रात बीच चौराहे पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। 20 मिनट तक दोनों पक्षों में लात-घूंसें व बेल्ट चली। स्थानीय लोगों ने आपस में भिड़े लोगों को वाहन चालक बताया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।
गदनखेड़ा चौराहा पर ललऊखेड़ा चौकी की पिकेट लगती है। शुक्रवार रात 10 बजे पिकेट ड्यूटी पर सिपाही नहीं थे। तभी 10-12 लोग चौराहे पर पहुंचे और आपस में बातचीत करने लगे। अचानक दोनों पक्षों में लात-घूंसे व बेल्टें चलने लगीं। एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। वह जान बचाने के लिए हाईवे पार कर कभी अचलगंज की ओर भागता तो कभी शहर आने वाले रास्ते की ओर। इसी दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक आरोपी भाग निकले। सीओ सिटी कृपाशंकर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जा रही है।