बीघापुर (उन्नाव)। बीघापुर थाना क्षेत्र के गांव मनिकापुर के पास उन्नाव की ओर आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सुमेरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मृतक का विवाह 27 मई को होना था।
रायबरेली जिले के जैनापुर निवासी विजय शंकर (22) पुत्र रामबरन गुरुवार को साइकिल से बीघापुर थानाक्षेत्र के गांव मनिकापुर में बड़े भाई रामशंकर की ससुराल वैवाहिक समारोह में शामिल होने आया था। शुक्रवार सुबह वह रिश्तेदार नीरज (19) को लेकर साइकिल से घर जा रहा था।
आकमपुर तिराहा के पास रायबरेली से उन्नाव की ओर आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में विजय शंकर व नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहले दोनों को सुमेरपुर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने विजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया, जबकि नीरज का इलाज सुमेरपुर सीएचसी में चल रहा है। मृतक के पिता रामबरन ने बताया कि विजयशंकर का रायबरेली के सरेनी थानाक्षेत्र के गांव समोहदा में विवाह तय हुआ था। 25 अप्रैल को तिलक हुआ था। 27 मई को बारात जानी थी। उन्होंने बताया कि मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था और एक भट्ठे पर ईंट पाथता था।