बांगरमऊ। पति के साथ मायके से लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि पति समेत दो लोगों को नाजुक हालत में लखनऊ ट्रामासेंटर रेफर किया गया है। हादसा उन्नाव-हरदोई मार्ग पर हुआ।
हरदोई जिले के बिलग्राम थानाक्षेत्र के गांव तेरवा चांद निवासी सुभाष (28) पुत्र मेवालाल मंगलवार को अपने बहनोई लालमणि के साथ ससुराल फतेहपुर चौरासी आया था। दोपहर को वह पत्नी सोमवती (25) और अपने बहनोई को बाइक में बैठाकर हरदोई लौट रहा था।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर दुल्लापुरवा के पास अज्ञात वाहन टक्कर मारते हुए निकल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सोमवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पति और नंदोई को लखनऊ ट्रामासेंटर रेफर किया गया है।
बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी रंजीत यादव ने बताया कि बाइक में टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।