असोहा। असोहा-भल्लाफार्म मार्ग पर लालाखेड़ा चौराहा के पास रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से दोनों को कानपुर हैलट रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के शाहाबाद गांव निवासी अमित (24) पुत्र उमा यादव रविवार दोपहर गांव के ही दोस्त हमउम्र मोनू और राना के साथ बाइक से कांथा जा रहा था। लालाखेड़ा चौराहा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में अमित, मोनू व राना के अलावा दूसरी बाइक सवार इसी थाना क्षेत्र के हरिखेड़ा गांव निवासी साहिल (22) व इलियास (23) घायल हो गए।
हेलमेट न लगा होने से अमित, साहिल और इलियास के सिर में गंभीर चोटें आईं। सभी को नवाबगंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां अमित को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि साहिल व इलियास को कानपुर हैलट रेफर किया गया है। अमित दो भाईयों में छोटा था। उसकी मौत से बड़े भाई अनुज व मां गीतादेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ रामआसरे चौधरी ने बताया की दोनों बाइकों को कब्जे में लिया गया है। अमित के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
नवाबगंज। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के गांव सरायजोगा निवासी विश्राम कश्यप (38) सात दिन पहले लखनऊ के सरोजनीनगर थाना के गौरी बाजार में एक वाहन की टक्कर से घायल हो गए थे। जिनकी इलाज के दौरान बंथरा के एक नर्सिंगहोम में मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव लेकर घर आ गए। एसओ अखिलेश तिवारी ने बताया कि परिजनों ने वहां पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। जिस कारण यहां पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट घटनास्थल वाले थाने में ही दर्ज होगी। (संवाद)