नवाबगंज। विकासखंड कार्यालय के अधिकारियों ने शासन, प्रशासन के आदेश को हवा में
उड़ा रखा है। यहां कोई भी अधिकारी शासन से निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंच रहा
है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
क्षेत्र पंचायत कार्यालय के अधिकारी देर से आना, जल्दी जाना का ढर्रा अपनाए हुए हैं। मंगलवार सुबह 11 बजे तक कोई भी अधिकारी ब्लाक कार्यालय नहीं पहुंचा था। यहां तक की प्रभारी बीडीओ मनीष कुमार तक की कुर्सी खाली थी। इसके अलावा एडीओ पंचायत सुशील कुमार पांडेय, एडीओ मनोज कुमार, एपीओ शोभित श्रीवास्तव, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अविरल श्रीवास्तव, देवेंद्र यादव, रंजीत कुमार, चंद्रजीत, जेई लघु सिंचाई सच्चिदानंद आदि भी कार्यालय नहीं पहुंचे थे। इसके कारण कार्यालय आए कई फरियादी इंतजार कर लौट गए।
एक सप्ताह से लगा रहे दौड़
मिर्जापुर निवासी छेदा मंगलवार सुबह क्षेत्र पंचायत कार्यालय में परिवार रजिस्टर की नकल लेने पहुंचे। काफी देर तक इंतजार करते रहे लेकिन अधिकारी नहीं मिले। छेदा ने बताया कि एक सप्ताह से वह कार्यालय की दौड़ लगा रहे हैं।
क्षेत्र पंचायत कार्यालयों का भ्रमण किया जा रहा है। पूर्व में फतेहपुर चौरासी व सफीपुर के निरीक्षण में कई अधिकारी गायब मिले थे, जिनका वेतन रोका था। जल्द ही अन्य ब्लाकों का भी भ्रमण करेंगे। - दिव्यांशु पटेल, सीडीओ
एपीओ शोभित श्रीवास्तव की सुबह 11:10 बजे खाली पड़ी कुर्सी। संवाद- फोटो : UNNAO