उन्नाव। पुरवा ब्लाक में एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) के संविदा पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर ने महिला समूहों को भेजे जाने वाले 9.41 लाख अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद एडीओ सहकारिता ने ऑपरेटर पर पुरवा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुरवा के महिला समूहों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र की जांच एनआरएलएम के ब्लाॅक मिशन मैनेजर (बीएमएम) विनय शर्मा ने की। जांच में पता चला कि कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार ने समूहों को कार्यों के लिए दी जाने वाली 9.41 लाख की धनराशि सीधे अपने स्टेट बैंक व आर्यावर्त बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली। बैंकों से लिए गए स्टेटमेंट से भी इसकी पुष्टि हुई। इसकी जानकारी होने पर ब्लाॅक के सहायक विकास अधिकारी आईएसबी (उद्योग व्यवसाय) ने राहुल कुमार को उपायुक्त स्वतः रोजगार कार्यालय उन्नाव के लिए कार्यमुक्त कर दिया। साथ ही उपायुक्त एनआरएलएम को पत्र भेजकर वसूली व सेवा समाप्त करने की संस्तुति की।
वर्तमान में राहुल कुमार स्वत: रोजगार कार्यालय में कार्यरत हैं। सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ पुरवा को राहुल कुमार पर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। बीडीओ पुरवा डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर एडीओ सहकारिता आशीष कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।