उन्नाव/पाटन। स्कूलों के समायोजन को लेकर हुए विरोध के बाद अब छात्र संख्या का मानक बदल दिया गया है। अब 50 छात्र संख्या वाले परिषदीय स्कूलों के बजाए 30 या इससे कम छात्र संख्या वाले स्कूल समायोजित किए जाएंगे। इससे जिले में 1100 के बजाए 750 स्कूल ही समायोजित होंगे। सुमेरपुर ब्लॉक में 128 की जगह सिर्फ 60 परिषदीय स्कूलों का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
परिषदीय स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने को लेकर 18 जून को प्रदेश सरकार ने 50 से कम छात्र संख्या वाले स्कूलों के समायोजन की व्यवस्था लागू की है। शासनादेश में 50 या इससे कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को इस प्रक्रिया में शामिल करना था, लेकिन शिक्षकों के विरोध के बाद अब इसमें बदलाव किया गया है। बीएसए संगीता सिंह ने बताया कि अब 50 या इससे कम की जगह सिर्फ 30 छात्र संख्या वाले स्कूलों को ही समायोजन प्रणाली में शामिल किया जाएगा।
बीईओ अपने क्षेत्र में संचालित सभी स्कूलों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। बाद में ग्राम शिक्षा समिति की बैठक और अभिभावकों से संवाद स्थापित कर सर्व सहमति से प्रस्ताव कार्यालय में उपलब्ध कराएंगे। आदेश के बाद कई स्कूलों के छात्रों के साथ शिक्षकों को भी राहत मिलेगी। सुमेरपुर बीईओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि बीएसए के आदेश के अनुसार अब 60 स्कूलों को ही समायोजित किया जाएगा। उसी के प्रस्ताव बनाकर भेजना है।