पुरवा। विकासखंड की 56 ग्राम पंचायतों में जनयोजना अभियान 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना जीपीडीपी पोर्टल फेसिलेटर फीडबैक पर अपलोड नहीं की गई। बीडीओ ने नौ पंचायत सचिवों को नोटिस देकर दो दिन में अपलोड करने का निर्देश दिया है। उन्होंने वेतन रोकने की चेतावनी भी दी है।
ब्लॉक की 56 ग्राम पंचायतों में जनयोजना अभियान के तहत 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना को जीपीडीपी पोर्टल पर फेसिलेटर फीडबैक के तहत ई ग्राम स्वराज पोर्टल पर 22 जनवरी तक अपलोड कराना था, लेकिन किसी भी सचिव ने अभी तक कार्ययोजना पोर्टल पर अपलोड नहीं की। खंड विकास अधिकारी डाॅ. संतोष श्रीवास्तव ने समीक्षा में यह स्थिति सामने आने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने नौ सचिवों को नोटिस जारी करते हुए बताया कि यह सीधे तौर पर सरकारी कार्य में शिथिलता है। उन्होंने दो दिन में 80 प्रतिशत कार्ययोजना पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए हैं। 23 जनवरी तक यह काम न होने पर जनवरी माह का वेतन आहरण पर रोक लगाने की चेतावनी भी दी है।