उन्नाव। विशेष न्यायालय एससीएसटी एक्ट से मुकदमे के वादी जेई को जारी हुई नोटिस तामील होकर बृहस्पतिवार को तारीख पेशी पर न्यायालय नहीं पहुंच सकी। न्यायालय ने जिला पंचायत में जेई, एई से मारपीट के मामले की सुनवाई के लिए अगली तारीख दो दिसंबर तय की है। तब तक आरोपियों को न्यायालय से मिली अंतरिम जमानत बरकरार रहेगी।
जिला पंचायत के जेई आनंद नारायण अहिरवार ने छह नवंबर को सदर कोतवाली में मारपीट, जान से मारने की धमकी, एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई थी। न्यायालय ने 20 नवंबर को नामजद चार आरोपितों की अंतरिम जमानत मंजूर की थी। अगली सुनवाई के लिए 27 नवंबर की तारीख तय करते हुए वादी जेई आनंद नारायण को कोर्ट में हाजिर होने का नोटिस जारी किया था। बृहस्पतिवार को न्यायालय में नोटिस तामील होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हो सकी। इस पर न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए दो दिसंबर की तारीख तय की है।