उन्नाव। सदर कोतवाली के ललऊखेड़ा निवासी महिला ने पति सहित नौ ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है धोखे से उसका गर्भपात भी कराया गया।
ललऊखेड़ा निवासी रामबाबू ने बताया कि बेटी वर्षा की शादी 29 मई 2023 को गांव के ही मनीष चौरसिया से की थी। शादी में 14 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप लगाया कि विवाह के कुछ दिन बाद ही पति और पीएसी में तैनात देवर कोचिंग सेंटर खोलने के नाम पर बेटी से पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। बेटी के असमर्थता जताने पर उसकी पिटाई करते थे। इसी बीच पति, सास-ससुर, देवर, ननद-ननदोई और भांजे ने बेटी को गुमराह करके उसका गर्भपात करा दिया। कुछ दिन पहले पति मनीष ने पीटकर बेटी को घर से निकाल दिया। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि पति मनीष चौरसिया, ससुर रामबहादुर, सास, तीनों ननद, नंदोई, देवर और भांजे नैतिक उर्फ आदर्श पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
महिला से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
बीघापुर। बारासगवर थानाक्षेत्र के एक गांव की महिला ने बिहार के गांव पाटन निवासी युवक पर उसकी विवाहित पुत्री को बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवाहिता को खोजकर साक्ष्य संकलन के आधार पर दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में बढ़ोतरी की थी। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को चेकिंग के दौरान आरोपी अमित कुमार उर्फ अंकित को गिरफ्तार कर लिया गया। (संवाद)