अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का 110वां त्रि-दिवसीय जन्म दिवस समारोह का समापन समारोह में जिले व प्रदेश के राजनीतिज्ञों और समाजसेवियों ने आजाद की जन्मस्थली बदरका पहुंचकर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान करने वाले नर नाहर को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर आल्हा गायक नैना गौतम व रामलखन तिवारी ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया और उपस्थित लोगों की वाहवाही लूटी।
तीन दिनों तक चले समारोह में बाबादीन लोक संगीत पार्टी तथा रामलखन तिवारी और नैना गौतम के आल्हा गायन ने समारोह में अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोहा। समापन दिवस पर जिला विकास अधिकारी एनबी सविता ने बदरका पहुंचकर औपचारिक रूप से मेले का समापन किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रायोजित की गई निबंध, चित्रकला व खेलकूद में विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया।
इस मौके पर डीडीओ ने कहा कि युगों-युगों तक चंद्रशेखर आजाद का जीवन चरित्र आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम को खंड विकास अधिकारी राजमणि त्रिपाठी, अनुभव शुक्ल, डीओ मोहनी शंकर पांडेय ने भी संबोधित किया।
समापन अवसर पर जिला क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के महामंत्री पीके मिश्र ने जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्नाव पुलिस क्लब तथा फतेहपुर चौरासी पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के मध्य आजाद सद्भावना मैच का आयोजन किया गया।
समापन अवसर पर आजाद स्मारक समिति के अमित शुक्ल, राजन शुक्ल, पप्पू मिश्र, शंभू शुक्ल, पप्पू पांडेय, रमाकांत मिश्र, छोटेलाल शुक्ल, दीप अग्निहोत्री, उत्तम बाबा, मधुर अवस्थी आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शारदा प्रसाद शुक्ल ने किया व ट्रस्ट के मंत्री राजेश शुक्ल ने आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।