संवाद न्यूज एजेंसी
पुरवा। आठ माह पूर्व 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज न होने पर मृतका के मामा ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मृतका की मां समेत तीन लोगाें पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
शीतलगंज स्थित आसरा कालोनी में रह रही 13 वर्षीय शालिनी पुत्री रवींद्र का शव 10 अप्रैल को घर में चारपाई की पाटी पर दुपट्टे से लटका मिला था। पश्चिमटोला निवासी मृतका के मामा विजय गौतम ने घटना के बाद पुलिस को शिकायत पत्र देकर बताया था कि उसकी बहन अंजू की पड़ोस में रहने वाले युवक से नजदीकियां हो गई थी। भांजी लगातार इसका विरोध कर रही थी। 10 अप्रैल को शालिनी का शव घर के कमरे में खड़ी चारपाई की पाटी से लटका मिला। उसने भांजी की मौत को हत्या बताकर अपनी बहन अंजू, पड़ोसी युवक व महिला पर हत्या का शक जताया था। पुलिस ने उसकी तहरीर पर कोई कारवाई नहीं की थी। विजय ने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मृतका शालिनी की मां अंजू, उसके पड़ोसी समेत तीन पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।