पुरवा/असोहा। पुरवा कोतवाली अंतर्गत जमीनी रंजिश में ससुर दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त मौके पर मृतक की पत्नी, सास व साला भी मौजूद था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए परिजनों ने शव उठाने से रोक दिया और हंगामा करने लगे। सीओ ने 48 घंटों में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तब मामला शांत हुआ। पुलिस ने आरोपी ससुर समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
लखनऊ के बंथरा थानाक्षेत्र के नुर्दीखेड़ा निवासी सूरज (28) पुत्र मुन्नीलाल यादव का चार वर्ष पूर्व सोहरामऊ थानाक्षेत्र बिलौरा गुढवा राजकुमार पुत्री मीनू से विवाह हुआ था। मीनू से उसे एक बेटी सौम्या (2) भी है। राजकुमार का चाल चलन ठीक न होने के कारण उसकी पत्नी अवधेश कुमारी अपने बेटे शेरा के साथ दामाद के घर पर ही रहती है।
अवधेश कुमारी के मुताबिक पति राजकुमार के मौरावां में रहने वाली एक औरत से कई साल से संबंध हैं और वह उसी के साथ रहता है। राजकुमार ने अपनी डेढ़ बीघा जमीन भी उसी औरत व अपने भांजे सुजान के नाम कर दी है। जिसका मुकदमा पुरवा में मुंसिफ कोर्ट में चल रहा है।
शुक्रवार दोपहर दामाद सूरज अपनी पत्नी मीनू के साथ बाइक पर जबकि दूसरी बाइक पर अवधेश कुमारी बेटे शेरा के साथ मुंसिफ कोर्ट से होकर बिछिया निवासी जीजा ब्रजलाल यादव के घर जा रही थीं। ब्रजलाल की बेटी का शुक्रवार को विवाह था। पुरवा-उन्नाव मार्ग पर पावर हाउस के सामने राजकुमार ने सुजान और एक अन्य व्यक्ति के साथ सभी को रोक लिया।
अवधेश कुमारी के मुताबिक राजकुमार बेटी मीनू के जेवर उतरवाने लगा। जिसका विरोध दामाद सूरज ने किया तो राजकुमार ने तमंचा निकालकर उसके सीने में गोली मार दी और भाग गया। गंभीर हालत में सूरज को सीएचसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुरवा कोतवाली में जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी तो मृतक के परिजन पुलिस से भिड़ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव उठाने की जिद करने लगे।
सीओ माजिद अब्सार ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। पुरवा कोतवाली प्रभारी सुरेश चंद्र ओमहरे ने बताया कि मीनू की तहरीर पर राजकुमार, उसके भांजे सुजान व अवध राम के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।