औरास। थानाक्षेत्र के गांव साल्ही-मर्दनखेड़ा मार्ग पर घर जा रहीं मां-बेटी से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर जेवर व नकदी लूट लिए। लूट के बाद जब वह थाने पहुंची तो पुलिस ने मारपीट की बात कहकर उन्हें चलता कर दिया।
थानाक्षेत्र के गांव अल्दो में रहने वाली राजेश्वरी पत्नी राजाराम अपनी विवाहित पुत्री गुड्डी देवी के साथ गांव से ही तीन किलोमीटर की दूरी के गांव शिवबक्श खेड़ा गुरुवार को पैदल गई थीं। देर शाम वे दोनों पैदल आ रहीं थीं। साल्ही-मर्दनखेड़ा मार्ग पर पड़ने वाले जंगल के निकट बाइक सवार तीन लोगों ने उन्हें रोक कर तमंचा लगा दिया।
राजेश्वरी से पायल व दो सौ रुपये तथा गुड्डी से कान के झाले, पायल व बारह सौ रुपये लूटकर तमंचा लहराते हुए निकल गए। घटना के बाद मां बेटी थाने पहुंची तो पुलिस ने एक न सुनी। शुक्रवार को राजेश्वरी का पुत्र प्रदीप मां व बहन को लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस ने मौके पर सिपाही तो भेजे लेकिन मारपीट की बात कहते हुए मुकदमा नहीं लिखा। थानाध्यक्ष रणजीत सिंह भदौरिया ने मारपीट का मामला बताया है।