उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोतीनगर मोहल्ला स्थित एक गेस्ट हाउस में सिपाही की वरीक्षा के दौरान उनकी सास का पर्स चोरी हो गया। पुलिस को दी गई तहरीर में पर्स में लाखों के जेवर-नकदी होने की जानकारी दी गई है।
दही थानाक्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी नकुल सिंह ने सदर कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि उनके पुत्र अभिनव सिंह पुलिस विभाग में सिपाही हैं। वह इस समय गोंडा जिले में तैनात हैं। 24 जनवरी को अभिनव का मोती नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में वरीक्षा और गोद भराई थी। कार्यक्रम में लखनऊ थाना सरोजिनी नगर अमौसी निवासी दूल्हे अभिनव की सास रचना सिंह पत्नी नरेंद्र सिंह चौहान का पर्स चोरी हो गया।
उनके मुताबिक पर्स में छह ग्राम की सोने की चेन, अंगूठी और 55 हजार रुपये, बैंक पासबुक और पांच लाख के चेक थे। पीड़ित ने गेस्ट हाउस के सीसीटीवी फुटेज और घटना की जांच की मांग की है। सदर कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।